Jharkhand bus accident : झारखंड के ओरसा घाट में बस एक्सीडेंट में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के बलरामपुर विकासखंड अंतर्गत पिपरसोत गांव से करीब 100 लोग एक बस में सवार होकर झारखंड के के लातेहार जिला सगाई कार्यक्रम के लिए रवाना हुए थे। जैसे ही बस झारखंड के ओरसा घाट के पास पहुंची, तभी ब्रेक फेल होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार में बस एक पेड़ से टकराई और सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई।
https://x.com/i/status/2013171410546602267
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया।

मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम करुण डहरिया के नेतृत्व में डॉक्टरों और पुलिस की टीम मौके पर रवाना की गई। राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाया गया। एंबुलेंस के जरिए घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही बलरामपुर जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। घायलों को तत्काल अलग-अलग स्थानों पर इलाज के लिए भेजा गया।मिली जानकारी के अनुसार,24 घायल यात्रियों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं 26 घायलों को बलरामपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

