उत्तर प्रदेश के चंदौली में चकिया कोतवाली क्षेत्र के बैरी गांव के पास बीते शुक्रवार की देर रात भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चार युवक दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान बैरी गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सभी युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में बाइक चला रहे अंश पटेल निवासी मैनपुर और सूरज गोंड़ निवासी बिसौराकला, जनपद मिर्जापुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार अनुराग निवासी रामपुर कला और श्लोक निवासी बैरी कला गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

