बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के महुली गांव के पास कोयले से लदी ट्रक और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में एक चालक जलती हुई ट्रकों के बीच फंस गया और आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
भीषण टक्कर के बाद भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महुली गांव के पास तेज रफ्तार से आ रही कोयले से लदी ट्रक और सामने से आ रहे ट्रेलर की अचानक आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में दोनों ट्रक आग की लपटों में घिर गए।

हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।
ट्रक के केबिन में फंसा चालक
हादसे के दौरान एक चालक ट्रक के केबिन में ही फंस गया। आग इतनी तेजी से फैल गई कि उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया और वह आग की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण कोई भी पास नहीं जा सका।
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत की। राहत और बचाव कार्य के दौरान पुलिस ने कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी रोक दिया।
जांच में जुटी पुलिस
त्रिकुंडा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर मानी जा रही है। फिलहाल मृत चालक की पहचान करने और उसके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।
