कटनी–बीना रेलखंड के रीठी रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अज्ञात युवक खड़ी मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया और हाई टेंशन बिजली की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही युवक इंजन के ऊपर पहुंचा, वह ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गया। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज गूंजी, जिससे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
फिलहाल, मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। रेलवे प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और युवक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि रेलवे परिसर में लापरवाही या जोखिम भरे कदम जानलेवा साबित हो सकते हैं।

