अमेठी। जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घटना थाना जगदीशपुर क्षेत्र के रनकापुर गांव के पास गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार में आ रही दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हिंदू नव वर्ष पर दीपोत्सव का भव्य आयोजन, नव वर्ष में गूंजा जय श्री राम।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने एक बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
इलाज के दौरान एक अन्य युवक ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान जामो थाना क्षेत्र के ददनपुर कटारी गांव निवासी 60 वर्षीय बाबूलाल पुत्र श्रीराम और जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव निवासी 17 वर्षीय सोनू पुत्र पप्पू के रूप में हुई है।
वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज लखनऊ में चल रहा है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
