चंदौली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चकिया क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया। छापेमारी का नेतृत्व डिप्टी सीएमओ संजय कुमार सिंह ने किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम जब चकिया के एक निजी परिसर में पहुंची तो पाया कि मकान के अंदर अवैध रूप से अस्पताल संचालित किया जा रहा था। टीम के पहुंचते ही संचालक शटर बंद कर मौके से फरार हो गए। निरीक्षण के दौरान वहां चिकित्सा उपकरण, दवाइयां और उपचार से संबंधित सामग्री पाई गई, जिसे तत्काल सील कर दिया गया।
टीम ने BN सर्जिकल अस्पताल की भी जांच की, जहां हाल ही में जच्चा-बच्चा की मौत का मामला सामने आया था। जांच के दौरान अस्पताल के कमरे में मिले उपकरणों और दवाइयों को विभागीय कार्रवाई के तहत सील कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल बिना मानक और आवश्यक अनुमति के संचालित किया जा रहा था।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि अवैध अस्पतालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।


