कुरुद। “गांव चलो, घर चलो अभियान” के अंतर्गत कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेमरा(सी) में सिरदार देव का आशीर्वाद लेकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सिरदार देव मंदिर परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और ग्रामीणों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यकर्ता बैठक में विधायक चंद्राकर ने पार्टी की रीति-नीति, संगठन की मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में कुरुद विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बड़े विकास कार्यों में उसका कोई योगदान दिखाई नहीं देता, फिर भी चुनाव के समय भ्रम की स्थिति पैदा की जाती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि संगठन को मजबूत बनाना है, तो जमीनी स्तर पर सक्रियता और रणनीति बेहद जरूरी है। अपने संबोधन में उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि “जब तक रावण की नाभि में अमृत कुंड का पता नहीं लगाओगे, तब तक कोई भी लड़ाई नहीं जीत पाओगे,” जिससे उन्होंने कार्यकर्ताओं को रणनीतिक सोच और एकजुटता का संदेश दिया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन, जिला पंचायत सभापति पूजा सिन्हा, भाजपा नेता रवि सिन्हा, आनंद यदु, पंकज सिन्हा, भीम साहू, रामस्वरूप साहू, छत्रपाल बैस,चोवाराम गंजीर, भोला राम साहू, संतोष यादव, छबिलेश सिन्हा, कामता निषाद, सविता गंजीर, खिलेश्वरी निषाद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने अभियान को सफल बनाने और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

