कुरुद। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक अभियान ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ के तहत कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने क्षेत्र के ग्राम जोरातराई (सी), सौराबांधा, तर्रागोंदी एवं जुगदेही का सघन दौरा कर जनसंपर्क को नई दिशा दी। इस प्रवास के दौरान उन्होंने न केवल विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, बल्कि कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए आत्ममंथन का संदेश भी दिया।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री चंद्राकर ने स्पष्ट कहा कि संगठन में आपसी उपेक्षा और प्रतिस्पर्धा के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि एक सच्चा सिपाही वही है, जो सादगी, अनुशासन और अटूट समर्पण के साथ हर परिस्थिति में संगठन के साथ खड़ा रहे। उन्होंने जोर देकर कहा कि सामूहिकता ही वह शक्ति है, जो पार्टी की आधारशिला को और अधिक सुदृढ़ बनाती है।
क्षेत्र के विकास पर चर्चा करते हुए विधायक ने पंचायतों को नया दृष्टिकोण दिया। उन्होंने सरपंचों से आह्वान किया कि वे केवल कंक्रीट निर्माण तक सीमित न रहें, बल्कि ऐसे नवाचार करें, जिससे ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके। पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा— “गांव की खाली जमीन पर इस तरह पौधरोपण करें कि आपके गांव का तापमान अन्य गांवों से 5 डिग्री कम रहे।”
विधायक चंद्राकर ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि कुरुद के विकास में विपक्ष का कोई योगदान नहीं है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाएं हर घर तक पहुंच रही हैं, जिससे लोग आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर ‘वैचारिक योद्धाओं’ की सशक्त टीम तैयार करें।
अभियान के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही मौजूद पदाधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन, जिला पंचायत सदस्य पूजा सिन्हा, मंडल अध्यक्ष रवि सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

