धमतरी। जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 अप्रैल को लाईवलीहुड कॉलेज धमतरी में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में निजी कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी, जिससे युवाओं को सीधे नौकरी पाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
सहायक परियोजना अधिकारी, जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज धमतरी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को पूर्व पंजीयन अनिवार्य रूप से करना होगा। इसके लिए अभ्यर्थी ऑनलाइन लिंक https://forms.gle/DCxRYF5rgLk7VE558 के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 98267-70656 पर संपर्क किया जा सकता है।
रोजगार मेले में कुल 200 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें क्लाइंट डिलाइट एग्जीक्यूटिव और डाटा एंट्री ऑपरेटर के 50-50 पद तथा सपोर्ट एग्जीक्यूटिव के 100 पद शामिल हैं। सभी पदों के लिए चयन प्रक्रिया स्थल पर ही आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज के अध्यक्ष अबिनाश मिश्रा ने जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने वर्तमान एवं पूर्व छात्रों को रोजगार मेले की जानकारी देकर अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें। साथ ही, इच्छुक युवाओं की सूची निर्धारित समय-सीमा में लाईवलीहुड कॉलेज धमतरी को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
यह रोजगार मेला जिले के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा, जहां उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का सीधा मंच मिलेगा।
