धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मामला वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर एक युवक का कॉलर पकड़ने से शुरू हुआ, जिसके बाद वहां मौजूद भीड़ आक्रोशित हो गई और पुलिसकर्मियों को घेर लिया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना गंगरेल मार्ग (मां अंगारमोती मंदिर रोड) की बताई जा रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि एक पुलिसकर्मी ने युवक के साथ बदसलूकी करते हुए उसका कॉलर पकड़ लिया।
“चालान काटो, पर बदतमीजी नहीं”
वीडियो में स्थानीय लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। एक युवक को कहते सुना जा सकता है कि: “हम स्थानीय निवासी हैं और कानून का सम्मान करते हैं। आपको जितना चालान काटना है काटिये, हम देने को तैयार हैं, लेकिन पुलिस को किसी का कॉलर पकड़ने या गिरेबान पर हाथ डालने का अधिकार किसने दिया?”
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल:
गुस्साए लोगों ने मौके पर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि पुलिस को नशाखोरी और अपराध रोकने पर ध्यान देना चाहिए, न कि आम नागरिकों के साथ अपराधी जैसा व्यवहार करना चाहिए। इस दौरान लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे और पुलिसकर्मियों से उनके नाम पूछते नजर आए।
फिलहाल इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह वीडियो स्थानीय ग्रुप्स में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पुलिस की व्यवहार कुशलता पर सवाल उठा रहे हैं।
