धमतरी | जिले में नशे और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस ने चौथा बड़ा अभियान चलाते हुए 150 स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान 30 टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबारियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्धों पर कड़ा प्रहार किया।

आईजी रायपुर रेंज श्री अमरेश कुमार मिश्रा के निर्देशन और एसपी धमतरी के नेतृत्व में चलाए गए इस सघन अभियान में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 4 प्रकरण दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 3.97 किलो गांजा जब्त किया गया।
वहीं आबकारी एक्ट के तहत 17 प्रकरणों में 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 34(2) के तहत 6 मामलों में 113.96 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जबकि अन्य मामलों में भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत 30 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की। आर्म्स एक्ट के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 12 बोर का देशी कट्टा और 2 कारतूस बरामद किए गए।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन करने वालों और ऐसे कृत्यों को बढ़ावा देने वाले होटल, ढाबा और खोमचा संचालकों पर भी सख्ती बरती गई। साथ ही निगरानीशुदा बदमाशों की पुलिस लाइन रूद्री में परेड कराकर उन्हें कानून का पालन करने और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे और अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
