धमतरी। सिहावा थाना क्षेत्र के नगरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मौहाबाहरा में युवक और नाबालिग युवती के शव आम के पेड़ से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास पेड़ पर दोनों को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक युवक की पहचान मानेश मरकाम (निवासी गेंदा भररी) के रूप में हुई है, जबकि युवती मौहाबाहरा की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों के बीच प्रेम संबंध की चर्चा सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटनास्थल युवती के परिजनों की जमीन होना और सुसाइड नोट का न मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और प्रेम प्रसंग, पारिवारिक दबाव सहित हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। मामले की सच्चाई अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
