मगरलोड। ब्लॉक मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर ग्राम झाझरकेरा में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नहर नाली के पास एक बुजुर्ग महिला की खून से लथपथ लाश मिली। मृतिका की पहचान जमुना बाई साहू (55 वर्ष), पति बलराम साहू, निवासी झाझरकेरा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल शुक्रवार की शाम जमुना बाई अपने खेत में लगी गेहूं की फसल की रखवाली के लिए घर से लगभग 2 किलोमीटर दूर गई थी, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की चिंता के बीच शनिवार सुबह खेत के पास से गुजरने वाली नहर नाली के किनारे उसका शव खून से सना हुआ मिला।
घटना के बाद ग्रामीणों में यह आशंका जताई जा रही थी कि महिला पर किसी जंगली जानवर ने हमला किया होगा, क्योंकि खेत के समीप जंगल भी स्थित है। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच की, लेकिन मृतिका के शरीर पर किसी भी जंगली जानवर के हमले के स्पष्ट निशान नहीं मिले।
मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस को सूचना दी गई। मगरलोड थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम अब हर पहलू—हत्या, दुर्घटना या अन्य कारण—को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
