धमतरी।रेलवे के बहुप्रतीक्षित विस्तार कार्य को गति देने के लिए सोमवार सुबह धमतरी में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध अतिक्रमणों पर बुलडोजर चला दिया। धमतरी-रायपुर बड़ी रेल लाइन परियोजना में बाधा बन रहे निर्माणों को हटाने के लिए रेलवे, जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।
कार्रवाई से पहले करीब 70 अतिक्रमणकारियों को 5 अप्रैल तक जमीन खाली करने का नोटिस दिया गया था, लेकिन समयसीमा समाप्त होने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए गए। इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, धमतरी रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है। स्टेशन परिसर में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक माल गोदाम बनाया जाना है। इसके अलावा केंद्रीय से सांकरा तक नई रेल पटरी बिछाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, केवल अंतिम 8 किलोमीटर का हिस्सा बाकी है, जिसमें ये अतिक्रमण बाधा बने हुए थे।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे पुलिस और जिला पुलिस की चार टुकड़ियां तैनात की गईं, जिनमें प्रत्येक में 10 से 15 जवान शामिल रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने का अभियान अभी जारी रहेगा और अगले दो दिनों में पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर लिया जाएगा। वहीं, कार्रवाई को देखते हुए कई स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपना सामान हटाना शुरू कर दिया है।
