चंदौली। जनपद में अवैध सूदखोरी के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए आकाश पटेल ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक ने साफ निर्देश दिए हैं कि कर्ज के नाम पर गरीब और मजबूर लोगों का शोषण करने वाले ‘ब्याज माफियाओं’ के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से ब्याज पर पैसा देने वालों में हड़कंप मच गया है।
निर्देश के तहत चंदौली के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय सूदखोरों की पहचान कर सूची तैयार करने को कहा गया है। खास तौर पर उन लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, जो सादे कागज, चेक या दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराकर लोगों की संपत्ति हड़पने की कोशिश करते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस पैसा उधार देना और तय सीमा से अधिक ब्याज वसूलना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर गैंगस्टर एक्ट जैसी सख्त धाराएं भी लगाई जाएंगी।
साथ ही पुलिस को गांवों और कस्बों में जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोग अवैध सूदखोरों के जाल में फंसने से बच सकें।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति ब्याज के कारण परेशान है या उसे धमकी दी जा रही है, तो वह निडर होकर पुलिस से संपर्क करे। पीड़ित की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

