धमतरी, 13 अप्रैल। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वितरित साड़ियों की गुणवत्ता को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी एवं महिला कांग्रेस ने गांधी मैदान में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का पुतला दहन किया।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निम्न गुणवत्ता की साड़ियां वितरित की जा रही हैं, जो उनके सम्मान के विपरीत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करने में सरकार विफल रही है।
महिला कांग्रेस जिला ग्रामीण अध्यक्ष अंबिका सिन्हा एवं शहर अध्यक्ष शास्त्री सोनवानी ने कहा कि यह मामला केवल सामग्री की गुणवत्ता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वितरित मोबाइल फोन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मोबाइल तकनीकी रूप से कमजोर हैं और कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।
कांग्रेस ने साड़ी वितरण एवं मोबाइल खरीदी में संभावित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
प्रदर्शन में योगेश शर्मा, सूर्य प्रभा चेटियार, शारदा लोकनाथ साहू, आकाश गोलछा, उदित नारायण साहू, विशु देवांगन, हितेश गंगवीर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


