अमेठी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) परीक्षा में प्रदेश के टॉप-10 मेधावियों में शामिल आयुष पांडेय का उनके पैतृक गांव डेहरा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। पांडेय का पुरवा, डेहरा (अमेठी) निवासी जगत नारायण पांडेय (कोटेदार) के भतीजे आयुष पांडेय के पीसीएस में चयन के उपलक्ष्य में ब्रह्मभोज और भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अमरेंद्र सिंह ‘पिन्टू’ विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने आयुष पांडेय को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने वहां उपस्थित वरिष्ठ जनों का आशीर्वाद भी लिया।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेश मिश्र ने भी आयुष पांडेय को उनकी सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। मिश्र ने युवाओं से आयुष की सफलता से प्रेरणा लेने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
आयुष पांडेय के पिता स्वर्गीय सी.एल. पांडेय, जो पूर्व बीडीओ थे, के निधन के बाद उनकी माता डॉ. वंदना पांडेय ने कठिन परिस्थितियों में परिवार की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसका परिणाम आयुष की इस बड़ी सफलता के रूप में सामने आया है।



