जिले में बढ़ते धोखाधड़ी के मामलों पर सख्ती दिखाते हुए बिलहरी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। करोड़ों रुपये के फ्रॉड केस में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में धोखाधड़ी के मामलों में तेज कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने करीब 4 करोड़ 26 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन से जुड़े मामले में अहम गिरफ्तारी की है।
शिकायतकर्ता राजेंद्र विश्वकर्मा ने आरोप लगाया था कि आर्यवत शिक्षा समिति के नाम पर डोनेशन दिलाने का झांसा देकर आरोपी ने संस्था के बैंक खाते का इस्तेमाल करते हुए करोड़ों रुपये का लेनदेन किया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी चार्ल्स रॉड्रिक्स (46 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई:
यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी और पुलिस टीम के नेतृत्व में की गई, जिसमें कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं
धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों पर पुलिस की यह सख्त कार्रवाई एक बड़ा संदेश है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
