धमतरी। शहर के बनियापारा इलाके में चल रहे अवैध सट्टा कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस की सतर्कता और मुखबिर तंत्र की सक्रियता का परिणाम मानी जा रही है। लंबे समय से क्षेत्र में ‘नंबर के खेल’ की चर्चाएं थीं, लेकिन ठोस कार्रवाई अब सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्थानीय स्तर पर सट्टा जुआ संचालित कर रहा है और लोगों से पैसे लेकर अंकों पर दांव लगवा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से बनियापारा में घेराबंदी कर दबिश दी।
दबिश के दौरान दिनेश ढीमर उर्फ चिकु (40 वर्ष) को मौके पर ही संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया। जांच में सामने आया कि वह लोगों से नगदी लेकर सट्टा पट्टी में अंकों का हिसाब लिख रहा था। पुलिस ने उसे रंगे हाथ पकड़ते हुए मौके से 1000 रुपये नकद, तीन सट्टा पट्टियां और एक डॉट पेन जब्त किया।
जब्त सामग्री की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी नियमित रूप से सट्टा संचालन में संलिप्त था और स्थानीय स्तर पर इसका नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 (क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध सट्टा नेटवर्क के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्ती जारी रहेगी।
