By- Dewesh Dubey
बलरामपुर– जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जमीन और झाड़-फूंक के काम को लेकर चले आ रहे पुराने विवाद में एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना रामचंद्रपुर में अपराध क्रमांक 02/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवकुमार यादव (38 वर्ष), निवासी कालिकापुर, थाना रामचंद्रपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई है। मृतक की पहचान लखुर यादव के रूप में की गई है, जो आरोपी का रिश्ते में भतीजा बताया जा रहा है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 15 जनवरी 2026 को मृतक के परिजन अनिल यादव ने थाना रामचंद्रपुर में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि लखुर यादव प्रतिदिन की तरह मवेशी चराने गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास खोजबीन की तो कुर्सा नाला के पास टांड में लखुर यादव का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। मृतक के गले पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मर्ग क्रमांक 03/2026 धारा 194 बीएनएस के तहत जांच शुरू की। विवेचना के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी देवकुमार यादव और मृतक के बीच पिछले दो वर्षों से जमीन विवाद और झाड़-फूंक के काम को लेकर गहरी रंजिश चली आ रही थी। आरोपी को इस बात का गहरा आक्रोश था कि गांव में लोग मृतक की झाड़-फूंक पर अधिक विश्वास करते थे, जिससे उसका काम प्रभावित हो रहा था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि घटना के दिन गांव में एक दाह संस्कार कार्यक्रम था, जहां मृतक का जाना तय था। आरोपी ने मौके का फायदा उठाने की योजना बनाई। वह मृतक को बहाने से कुर्सा नाला की ओर ले गया और मौका पाकर कुल्हाड़ी से पीछे से सिर पर वार किया। इसके बाद कुल्हाड़ी के धारदार हिस्से से गले पर कई वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन गायब होने का बहाना बनाकर मामले को भटकाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में वह टूट गया। आरोपी के बयान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए गए हैं। उसे 20 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले में निष्पक्ष जांच की गई है और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए ठोस पैरवी की जाएगी। यह घटना एक बार फिर जमीन विवाद और आपसी रंजिश के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है।

