मुंबई/नई दिल्ली: भारतीय संगीत जगत के एक सुनहरे युग का अंत हो गया है। दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को सीने में संक्रमण और सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को उनकी स्थिति और बिगड़ गई, जिसके बाद डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस खबर ने न केवल फिल्म इंडस्ट्री बल्कि दुनिया भर में फैंस उनके करोड़ों प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
आशा भोसले पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं, लेकिन शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, उनके शरीर ने उपचार के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया देना बंद कर दिया था। आशा भोसले के निधन की खबर मिलते ही बॉलीवुड की तमाम हस्तियां और राजनेता शोक संवेदना व्यक्त करने अस्पताल और उनके आवास की ओर रुख कर रहे हैं।
सात दशकों से अधिक के अपने करियर में आशा जी ने 12,000 से अधिक गाने गाए थे। उन्होंने शास्त्रीय संगीत से लेकर पॉप, गजल और भजन तक हर विधा में अपनी आवाज का जादू बिखेरा। उनकी जादुई आवाज ने उन्हें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में सबसे अधिक रिकॉर्ड किए गए कलाकार के रूप में भी दर्ज कराया था। उनकी कमी को संगीत की दुनिया में कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा।
आशा भोसले के जीवन से जुड़ी मुख्य बातें:
-
जन्म: 8 सितंबर, 1933 (सांगली, महाराष्ट्र)।
-
सम्मान: दादा साहब फाल्के पुरस्कार और पद्म विभूषण से सम्मानित।
-
उपलब्धि: दुनिया की सबसे वर्सटाइल सिंगर के रूप में पहचान।
-
करियर: हिंदी सहित 20 से अधिक भारतीय और विदेशी भाषाओं में गायन।
जैसे ही उनके निधन की खबर , सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि का तांता लग गया है। प्रधानमंत्री से लेकर फिल्म जगत के दिग्गज कलाकारों ने इसे भारतीय संस्कृति के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। आशा भोसले की बहन और दिवंगत सुर कोकिला लता मंगेशकर के बाद अब आशा जी का चले जाना मंगेशकर परिवार और संगीत प्रेमियों के लिए एक युग का अंत है।
फिलहाल, उनका पार्थिव शरीर उनके मुंबई स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लाया जाएगा। जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ सोमवार को किया जा सकता है। शासन और प्रशासन द्वारा इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
