अमेठी। जिले में यूपी-112 पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। पारिवारिक विवाद के बाद कुएं में कूदी महिला को पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में खूब प्रशंसा हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को धर्मेन्द्र कुमार निवासी ग्राम परसौली, थाना अमेठी ने यूपी-112 पर कॉल कर सूचना दी कि उनकी पत्नी मीना कुएं में कूद गई है और तत्काल मदद की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही पीआरवी 6904 टीम मौके के लिए रवाना हो गई और कुछ ही समय में घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के दौरान मीना आवेश में आ गई और घर के पास स्थित कुएं में कूद गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी टीम ने बिना देर किए फायर सर्विस को भी मौके पर बुला लिया।
फायर सर्विस और पुलिस की संयुक्त टीम ने सूझबूझ और सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। बाहर निकालने के बाद उसकी हालत सामान्य और स्थिर पाई गई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने यूपी-112 पुलिस और फायर सर्विस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। इस अभियान में पीआरवी 6904 के कमांडर उपनिरीक्षक मोहम्मद इसराइल और चालक रंजीत यादव की अहम भूमिका रही

