उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित RO/ARO परीक्षा 2023 के परिणाम में अमेठी जनपद के भेटुआ विकासखंड के दो युवाओं ने प्रदेश स्तर पर शानदार सफलता दर्ज की है। दोनों अभ्यर्थियों ने टॉप-10 में स्थान बनाकर समीक्षा अधिकारी (RO) पद हासिल किया।
भेटुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत शिवगढ़ जलालपुर के संड़िला गांव निवासी शिवांशु शर्मा ने पूरे प्रदेश में 6वीं रैंक प्राप्त की। उनके पिता राम सजीवन शर्मा आवास विकास विभाग में रिटायर्ड ड्राइंग इंजीनियर हैं, जबकि माता सावित्री शर्मा गृहिणी हैं। शिवांशु ने वर्ष 2020 से तैयारी शुरू की और लखनऊ स्थित घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से अध्ययन किया। इससे पहले उनका चयन भारतीय स्टेट बैंक में क्लर्क तथा रेलवे में स्टेशन मास्टर पद पर भी हो चुका है। उनका लक्ष्य आगे चलकर आईपीएस अधिकारी बनना है। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने ईश्वर की कृपा, माता-पिता के आशीर्वाद और परिवार के सहयोग को दिया। उनकी उपलब्धि पर गांव में मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई।
इसी क्रम में पड़ोसी ग्राम पंचायत टिकरी के श्री का पुरवा गांव निवासी शिवम शुक्ला ने 10वीं रैंक हासिल की। उनके पिता विनोद शुक्ला रणछोर इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं और माता वृजलेश शुक्ला गृहिणी हैं। शिवम ने प्रयागराज (इलाहाबाद) में रहकर कोचिंग के माध्यम से तैयारी की। उनकी सफलता पर गांव में उत्सव जैसा माहौल है और स्थानीय लोगों ने बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

