अमेठी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरीगंज पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना गौरीगंज पुलिस ने करीब 15 वर्षों से फरार चल रहे एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनोहर उर्फ राम मनोहर (52 वर्ष) पुत्र खुड़बुड़ उर्फ भगौती निवासी ग्राम मानमती का पुरवा, थाना गौरीगंज के रूप में हुई है। अभियुक्त वाद संख्या 1037/26, मुकदमा अपराध संख्या 416/96, धारा 457, 380 और 411 भादवि से संबंधित मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा वांछित अभियुक्तों की तलाश, क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान थाना गौरीगंज पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी काफी समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक शिवेंद्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल आनंद वर्मा की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस उपलब्धि से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
अमेठी: 15 साल से फरार हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पुलिस को बड़ी सफलता
Leave a comment
