धमतरी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। विकासखंड कुरूद के ग्राम चारभाटा (नारी) में शिकायत के बाद राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने तड़के औचक कार्रवाई करते हुए 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं।
ग्रामीणों की शिकायत मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरूद ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल संयुक्त जांच टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। टीम ने इलाके में सघन जांच अभियान चलाया, जिससे अवैध गतिविधियों का खुलासा हुआ।
बिना अनुमति हो रहा था परिवहन:
जांच के दौरान पकड़े गए सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना वैध दस्तावेजों के रेत का परिवहन करते पाए गए। नियमों के उल्लंघन पर सभी वाहनों को मौके पर ही जब्त कर कृषि उपज मंडी कुरूद में सुरक्षित रखा गया है।पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर (खनिज शाखा) को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित वाहन मालिकों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
‘जीरो टॉलरेंस’ पर प्रशासन कायम:
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ “शून्य सहिष्णुता” की नीति लागू है। उन्होंने सभी विभागों को सतत निगरानी और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के साथ-साथ राजस्व हानि पर भी रोक लगाई जा सके।
