धमतरी। कुरुद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भाठागांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने घरेलू विवाद के चलते गुस्से में आकर एक बाइक को आग के हवाले कर दिया। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार युवक का नाम राकेश जैन, पिता ज्ञानचंद जैन है, जो गांव में ही निवास करता है।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को राकेश जैन का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और गुस्से में आकर राकेश ने घर के सामने खड़ी बाइक में आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक जलकर काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बाइक को काफी नुकसान हो चुका था।
जानकारी के अनुसार यह बाइक राकेश की स्वयं की नहीं थी, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति की बताई जा रही है। उक्त बाइक को राकेश के एक परिचित ने गिरवी रखा था, जिसे राकेश पिछले कुछ दिनों से उपयोग में ले रहा था। ऐसे में बाइक को जलाने की घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद का वास्तविक कारण क्या था और युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। समाचार लिखे जाने तक बाइक मालिक द्वारा इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

