वाड्रफनगर क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। एक सरकारी स्कूल में नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से बैड टच का मामला उजागर हुआ है। आरोप स्कूल के ही प्राचार्य पर लगा है, जिसके बाद शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।( प्राचार्य पर POCSO के तहत केस दर्ज)

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत स्थित बरती हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा ने स्कूल के प्राचार्य युवधन जायसवाल पर अश्लील हरकतें करने और बैड टच का गंभीर आरोप लगाया है। छात्रा ने इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर सीधे पुलिस चौकी पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर तत्काल एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी प्राचार्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने इसे अत्यंत गंभीर अपराध मानते हुए विवेचना प्रारंभ कर दी है।
छात्रा के परिजनों का आरोप है कि प्राचार्य ने स्कूल परिसर में ही छात्रा के साथ गलत व्यवहार किया और उसे डराने-धमकाने की भी कोशिश की। घटना के बाद से छात्रा मानसिक रूप से काफी आहत है। परिजनों ने दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की है।
RBI Repo Rate Today : RBI का बड़ा फैसला रेपो रेट 5.25% पर बरकरार, लोन और EMI में राहत
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी प्राचार्य युवधन जायसवाल फरार है। उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम लगातार पतासाजी में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग से जुड़े इस मामले में कानून के तहत हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। पीड़ित छात्रा का बयान दर्ज किया जा चुका है और मेडिकल जांच सहित अन्य कानूनी प्रक्रियाएं भी पूरी की जा रही हैं।
यह मामला न केवल शिक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल खड़ा करता है, बल्कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करता है। अब देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़िता को न्याय दिला पाती है।

