जरही.सूरजपुर जिले के जरही क्षेत्र में रहकर ब्रेड बेचने का काम करने वाले बिहार के औरंगाबाद निवासी 30 वर्षीय शैलेंद्र कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पांच दिनों से लापता युवक का शव 6 नवंबर को सरासोर क्षेत्र में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी एक लकड़हारे ने दी, जिसके बाद युवक की पहचान हो सकी।जानकारी के अनुसार, शैलेंद्र कुमार मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद का रहने वाला था और जरही में रहकर ब्रेड बेचकर अपना जीवनयापन करता था। बताया जा रहा है कि 1 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह रोज की तरह ब्रेड बेचने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। काफी देर तक उसका इंतजार करने के बाद परिजनों और परिचितों ने उसकी तलाश शुरू की।खोजबीन के दौरान पता चला कि शैलेंद्र अपने मित्र कामेश्वर विश्वकर्मा के यहां गया था। वहां पहुंचने पर जानकारी मिली कि वह कामेश्वर और अन्य मित्रों के साथ सरासोर गया हुआ था। इसके बाद उसकी लगातार तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।इसी बीच 6 नवंबर 2026 को सरासोर क्षेत्र में लकड़ी काटने गए एक लकड़हारे की नजर नदी में शव पर पड़ी। उसने इसकी जानकारी गांव में दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान शैलेंद्र कुमार के रूप में की।
पांच दिन तक कहां रहा युवक, किन परिस्थितियों में हुई मौत?
ब्रेड बेचने के लिए घर से निकले युवक का पांच दिनों बाद शव मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर शैलेंद्र की मौत कैसे हुई और किन परिस्थितियों में उसका शव सरासोर क्षेत्र में पहुंचा? फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। चेन्द्रा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। इधर ब्रेड भेज कर जीवन यापन करने वाले शैलेंद्र की मौत से परिचितों और परिजनों में शोक का माहौल है।


