यशवंत गंजीर, कुरूद। कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (NFSM) के अंतर्गत ग्राम पंचायत जोरातराई (सि.) में महिला स्व-सहायता समूहों एवं किसानों को अरहर बीज मिनीकिट का वितरण किया गया। ग्राम पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष श्रीमती गीतेश्वरी हेमंत साहू थीं, जिन्होंने हितग्राही किसानों को मिनीकिट प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष श्रीमती साहू ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के माध्यम से किसानों तक उन्नत बीज और कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विधायक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन में प्रत्येक ग्राम पंचायत में जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने ग्राम पंचायतों के माध्यम से सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी पुरुषोत्तम सिन्हा ने किसानों को कृषक उन्नति योजना, एग्रीस्टैक, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विलंब मानसून की स्थिति में फसल प्रबंधन, वैज्ञानिक खेती तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के संबंध में भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
सरपंच श्रीमती प्रीति साहू ने कहा कि सरकार किसानों और ग्रामीणों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही को अवश्य लेना चाहिए।
कार्यक्रम में कृषि सखी इंद्राणी साहू, सक्रिय महिला विनिता साहू, कृषक मित्र भुनेश्वर साहू, हिरामन साहू, भानू साहू, बिसौहा साहू, एमेश्वरी साहू, गंगा साहू, भुनेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

