By – J p Gupta
अंबिकापुर.-सरगुजा जिले को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से पूरी तरह मुक्त करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10 फरवरी 2026 से 25 फरवरी 2026 तक फाइलेरिया उन्मूलन महाअभियान चलाया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को फाइलेरिया रोधी दवाइयाँ खिलाई जाएंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। जिले के सभी विकासखंडों में स्वास्थ्य कर्मियों, मितानिनों की टीमें गठित की गई हैं, जो निर्धारित अवधि में प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक दवा पहुँचाने का कार्य करेंगी।फाइलेरिया एक मच्छर जनित रोग है, जो समय पर नियंत्रण न होने पर हाथ, पैर और शरीर के अन्य अंगों में स्थायी सूजन और विकृति का कारण बनता है। यह बीमारी व्यक्ति की कार्यक्षमता को प्रभावित करती है और सामाजिक-आर्थिक समस्याएँ भी उत्पन्न करती है। विशेषज्ञों के अनुसार दवा सेवन ही इस बीमारी को जड़ से खत्म करने का सबसे प्रभावी तरीका है।स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवा पूरी तरह सुरक्षित है और इसे स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में ही खिलाया जाएगा। अभियान के दौरान दवा वितरण के साथ-साथ लोगों को फाइलेरिया के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी। मच्छरों से बचाव, साफ-सफाई बनाए रखने और जलजमाव रोकने के लिए जनसमुदाय को प्रेरित किया जाएगा।जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने सरगुजा जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान के दौरान दवा का सेवन अवश्य करें। अधिकारियों ने कहा कि जनसहयोग से ही यह अभियान सफल होगा और जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सकेगा।यह अभियान राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि भविष्य की पीढ़ियों को इस बीमारी से सुरक्षित रखते हुए सरगुजा जिले को पूरी तरह फाइलेरिया मुक्त बनाया जाए।

