By- कुलेश्वर कुशवाहा
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा इन दिनों पूरे क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। 16 जनवरी से 23 जनवरी तक चलने वाली इस भव्य कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं। कथा आयोजन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है और यह आयोजन अब चर्चाओं का विषय बन चुका है।
कथा के दौरान जिला पंचायत सदस्य बेला अनिल कुशवाहा ने कथा स्थल पर पहुंचकर प्रसिद्ध कथावाचक विनयकांत त्रिपाठी (विनयकांत तिवारी) से विधिवत आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ कथा का श्रवण किया और आयोजन की सफलता के लिए सहयोग राशि भी प्रदान की। बेला अनिल कुशवाहा ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों को अपने जीवन में धर्म, संस्कार और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है।
बेला अनिल कुशवाहा ने कथावाचक विनयकांत त्रिपाठी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सरल, भावपूर्ण और ओजस्वी वाणी के कारण कथा हर वर्ग के लोगों को सहज रूप से समझ में आ रही है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा न केवल आध्यात्मिक ज्ञान देती है, बल्कि समाज को एकजुट करने का भी कार्य करती है। ऐसे आयोजनों से सांस्कृतिक परंपराएं जीवित रहती हैं और नई पीढ़ी को अपने धर्म व संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
वहीं कथावाचक विनयकांत त्रिपाठी ने कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा, रासलीला, सुदामा चरित्र सहित अनेक प्रेरणादायी प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उनकी कथा शैली ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया और पूरा पंडाल भक्तिरस में डूबा नजर आया। कथा के दौरान श्रद्धालु भजनों पर झूमते और जयकारे लगाते दिखाई दिए।
वाड्राफनगर में आयोजित इस कथा में आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कथा को लोगों का भरपूर प्रेम और समर्थन मिल रहा है। 16 से 23 जनवरी तक चलने वाली यह कथा अब क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक गतिविधि के रूप में पहचानी जा रही है।

आयोजन समिति ने जिला पंचायत सदस्य बेला अनिल कुशवाहा के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ऐसे धार्मिक आयोजन और अधिक सफल एवं भव्य बनते हैं। कथा के समापन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, भंडारे एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।साथ में रामदेव जागते प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित यादव राजकुमार धुर्वे चंदन सिंह पोर्ते साथी समिति के सभी सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे


