मासूम की मौत पर सख्त रुख: पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हुईं विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते

Admin
3 Min Read

वाड्रफनगर विकसखण्ड के शारदापुर क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र की विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी नजर आईं। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का छज्जा गिरने से छठवीं कक्षा के छात्र की मौत के मामले में विधायक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सबसे पहले मृतक छात्र के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया।
यह हादसा शारदापुर के खुटहन पारा माध्यमिक शाला स्कूल से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर के समीप निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का छज्जा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर छठवीं कक्षा का मासूम छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते बिना देर किए पीड़ित परिवार के घर पहुँचीं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इस दुखद घटना में वे परिवार के साथ खड़ी हैं। विधायक ने कहा कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं बल्कि निर्माण कार्य में हुई लापरवाही का नतीजा है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी तय की जाएगी।


मीडिया से बातचीत में विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छात्र की मौत के दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि चाहे मामला ठेकेदार से जुड़ा हो या संबंधित विभाग के अधिकारियों से, सभी की जवाबदेही तय होगी। विधायक ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराई जाए।
विधायक ने यह भी कहा कि निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कैसे हुई। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को शासन की ओर से हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
छात्र की मौत से पूरे इलाके में गहरा आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य की सही निगरानी होती, तो आज एक मासूम की जान नहीं जाती। विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि दोषियों को सजा दिलाना उनकी प्राथमिकता है!

फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मामले की जांच में जुटे हुए हैं। विधायक की सक्रियता के बाद जांच प्रक्रिया में तेजी आई है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि विधायक के हस्तक्षेप से पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।

By- Dewesh Dubey

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page