बलरामपुर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल तातापानी में मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाला तातापानी महोत्सव 2026 इस वर्ष और भी भव्य रूप में मनाया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव का शुभारंभ 14 जनवरी 2026 को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा जिले में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा।

गौरतलब है कि अपने प्राकृतिक गर्म जल स्रोत, धार्मिक आस्था और पर्यटन महत्व के कारण तातापानी देशभर में प्रसिद्ध है। मकर संक्रांति के अवसर पर यहां छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और ग्रामीणजन पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
*सांस्कृतिक संध्या और रोमांचक गतिविधियां..*

तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव के दौरान मेला स्थल आरागाही हवाई पट्टी में विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष महोत्सव में पैरासेलिंग जैसी रोमांचक गतिविधि भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। सांस्कृतिक संध्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बाहर से आमंत्रित प्रख्यात कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
तातापानी महोत्सव 2026 में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न राज्यों के कलाकार भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे आयोजन की भव्यता और अधिक बढ़ेगी।
*कलाकारों की प्रस्तुति का कार्यक्रम ..*
महोत्सव के पहले दिन 14 जनवरी को छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक एवं कलाकार तथा पद्मश्री सम्मानित अनुज शर्मा अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
दूसरे दिन 15 जनवरी को दोपहर 12 बजे से जिले के समस्त पंच एवं सरपंचों के लिए किसान संगोष्ठी एवं पंच-सरपंच सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसमें ग्रामीण विकास, कृषि एवं जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। वहीं संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक एवं कलाकार आदित्य नारायण अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसी दिन छात्र-छात्राओं द्वारा स्थानीय कला, परंपरा और आदिवासी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए ट्राइबल फैशन वॉक का आयोजन किया जाएगा, जो महोत्सव का विशेष आकर्षण होगा।
*भोजपुरी कलाकारों से सजेगा समापन समारोह …*
महोत्सव के समापन दिवस 16 जनवरी 2026 को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भोजपुरी जगत के लोकप्रिय कलाकार रितेश पाण्डेय, खुशी ककड़ और डिम्पल सिंह अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे।
*पर्यटन और संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा…*
तातापानी महोत्सव 2026 से क्षेत्रीय संस्कृति, लोककला और पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। प्रशासन द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सांस्कृतिक समरसता और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का भी कार्य करेगा।

