जनसमस्याओं के समाधान पर फोकस, तहसील सदर में डीएम की अध्यक्षता में समाधान दिवस

Admin
3 Min Read

आगरा: तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
आगरा। तहसील सदर में शनिवार को जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों पर ध्यान दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। इसके लिए उप जिलाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी महोदय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क स्थापित करें, उनसे वार्ता कर समस्या को समझें और स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत का निस्तारण होने के बाद शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी अवश्य दी जाए, ताकि उसे समाधान की स्थिति का स्पष्ट पता चल सके। साथ ही निस्तारण की पूरी प्रक्रिया को आख्या में अंकित करते हुए संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।


तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 104 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही जिलाधिकारी द्वारा तत्काल निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित थीं, जिनमें मुख्य रूप से विद्युत, पेंशन, राशन वितरण, भूमि विवाद, चकरोड निर्माण एवं अतिक्रमण, नाली निर्माण, अवैध कब्जा आदि से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं।
प्राप्त शिकायतों में विभागवार विवरण के अनुसार 36 शिकायतें राजस्व विभाग, 18 पुलिस विभाग, 14 नगर निगम, 04 आगरा विकास प्राधिकरण, 08 विद्युत विभाग, 01 वन विभाग, 03 जिला समाज कल्याण अधिकारी, 08 विकास खंड तथा 12 अन्य विभागों से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर इन शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करें और इसकी नियमित मॉनिटरिंग करें।


संपूर्ण समाधान दिवस में सचिन राजपूत (उप जिलाधिकारी सदर), मांधाता प्रताप सिंह (तहसीलदार), रामायन यादव, जितेन्द्र गौंड, मनीष कुमार सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है और इसमें सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page