उर्स से पहले ताजमहल पर सियासी तनाव, मीरा राठौर घर में नजरबंद

Admin
4 Min Read

By- बुलबुल शर्मा (आगरा)

आगरा– ताजमहल को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। ताजमहल (जिसे कुछ संगठन तेजो महालय बताते हैं) पर 21 मीटर ऊंचा भगवा ध्वज फहराने के ऐलान से पहले आगरा पुलिस ने अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर को हाउस अरेस्ट कर लिया है। यह कार्रवाई आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत की गई है। प्रशासन ने किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मीरा राठौर ने आगामी उर्स के दौरान ताजमहल में चादर चढ़ाने के विरोध में ताजमहल को तेजो महालय बताते हुए 21 मीटर ऊंचा भगवा ध्वज फहराने की घोषणा की थी। इस ऐलान के बाद से ही प्रशासन सतर्क हो गया था। जैसे ही इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंची, त्वरित कार्रवाई करते हुए मीरा राठौर को उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया गया।


मीरा राठौर का आवास आगरा के नगला महादेव क्षेत्र में कैलाश टॉकीज के पास स्थित है। रविवार रात से ही उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ अतिरिक्त सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है। घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई है और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पूरे इलाके में पुलिस ने डेरा डाल रखा है और लगातार निगरानी की जा रही है।
हाउस अरेस्ट के बाद मीरा राठौर ने मीडिया से बातचीत में कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह हार मानने वालों में से नहीं हैं और किसी भी हालत में अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने कहा, “मैं भगवा ध्वज चढ़ाकर रहूंगी। यह मेरा अधिकार है और मैं पीछे नहीं हटूंगी।” उनके इस बयान के बाद मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि ताजमहल विश्व धरोहर स्थल है और वहां किसी भी प्रकार की गतिविधि से पहले अनुमति आवश्यक होती है। वर्तमान में उर्स को लेकर पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और ऐसे में किसी भी तरह की अतिरिक्त गतिविधि से शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका है। इसी को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।

ताजगंज थाना पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह न फैले।

फिलहाल आगरा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस पूरे घटनाक्रम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page