आगरा में भीषण सड़क हादसा: तेज़ रफ्तार ट्रक ने ऑटो को कुचला, 5 की मौके पर मौत, कई गंभीर

Versha Chouhan
3 Min Read

आगरा के थाना खंडोली क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। थाना खंडोली अंतर्गत सागर विद्यालय के सामने गोबरधन गेट पर तेज़ रफ्तार ट्रक ने एक ऑटो को सामने से टक्कर मारते हुए बुरी तरह कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेडी बगिया की ओर से आ रहा ऑटो सवारियों से खचाखच भरा हुआ था। ऑटो में कुल 14 लोग सवार बताए जा रहे हैं। तभी सामने से आ रहे तेज़ रफ्तार ट्रक ने नियंत्रण खोते हुए सीधे ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में 5 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।


स्थानीय लोगों और चश्मदीदों का आरोप है कि ट्रक चालक नशे की हालत में था और वाहन को तेज़ रफ्तार व लापरवाही से चला रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
मृतकों में धाधऊ निवासी और सादाबाद क्षेत्र के कुछ लोग शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचना दी जा रही है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सूचना मिलते ही थाना खंडोली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ नशे में वाहन चलाने, तेज़ रफ्तार और लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। चालक से पूछताछ की जा रही है और मेडिकल जांच भी कराई जा रही है।
हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और हाईवे पर नियमित चेकिंग की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती बरती जाती, तो इतनी बड़ी घटना को रोका जा सकता था।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page